आकाशदीप और गौतम गंभीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारतीय तेज़ गेंदबाज़ आकाशदीप के लिए पहला इंग्लैंड दौरा बेहद यादगार साबित हुआ। इस दौरान उन्होंने एक टेस्ट में 10 विकेट झटके और दूसरे में अर्धशतक लगाया, जिससे भारत की जीत में अहम योगदान दिया। उनके प्रदर्शन ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। हालांकि, ओवल में 66 रन की पारी के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर की कही बात उन्हें आज भी याद है।
IND vs ENG: गौतम गंभीर की प्रेरणादायक बात
29 वर्षीय आकाशदीप ने पीटीआई से बातचीत में बताया, “गौतम भाई ने मुझसे कहा था, ‘तुम खुद नहीं जानते कि तुम क्या कर सकते हो। देखो, मैं कह रहा था कि तुम यह कर सकते हो। तुम्हें हमेशा उसी लगन से खेलना होगा।’” उन्होंने कोच की तारीफ करते हुए कहा कि गंभीर बहुत जुनूनी और प्रेरणादायक हैं और उन्हें उनकी बल्लेबाज़ी व गेंदबाज़ी, दोनों पर पूरा भरोसा है।
IND vs ENG: कप्तान बदलने में नहीं आई दिक्कत
आकाशदीप ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टेस्ट डेब्यू किया था और अब शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गिल का स्वभाव शांत है, लेकिन उनके पास मैदान पर कई रणनीतिक विचार होते हैं। “वह पिछले कुछ सालों से आईपीएल में कप्तानी कर रहे हैं, जो बड़ा मंच है। यह अनुभव बहुत मायने रखता है। जब कप्तान आपका साथ देता है, तो फर्क पड़ता है,” उन्होंने कहा।
IND vs ENG: शांत स्वभाव से आते हैं अच्छे फैसले
आकाशदीप ने बताया कि उन्होंने पिछले साल गिल की कप्तानी में दलीप ट्रॉफी खेली थी। उनके मुताबिक, “जब कोई कप्तान शांत रहता है, तो वह मैदान पर अच्छे फैसले ले पाता है।” यह गुण टीम के प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाता है।
IND vs ENG: विदेशी दौरे पर घरेलू जैसे हालात
यह आकाशदीप का पहला इंग्लैंड दौरा था, लेकिन उन्हें पिचें उपमहाद्वीप जैसी लगीं। उन्होंने कहा, “पांच में से चार टेस्ट में पिचें पारंपरिक इंग्लिश विकेटों जैसी नहीं थीं। गेंद ज्यादा सीम या स्विंग नहीं कर रही थी, इसलिए हमें भारतीय लेंथ के हिसाब से गेंदबाज़ी करनी पड़ी।”
IND vs ENG: रणनीति और फिटनेस पर खास ध्यान
आकाशदीप अभ्यास सत्र को बेहद अहम मानते हैं। वह विपक्षी टीम के मुख्य बल्लेबाज़ों के खिलाफ गेंदबाज़ी की योजना पहले ही तैयार कर लेते हैं। फिटनेस पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैदान पर चोटों से बचा नहीं जा सकता। अगर बाउंड्री बचाने के लिए डाइव लगानी हो, तो लगानी पड़ेगी। हां, ट्रेनिंग से जुड़ी चोटों को कम करने की कोशिश करते हैं।”
IND vs ENG: भविष्य की योजनाएं
अब तक 10 टेस्ट में 28 विकेट लेने वाले आकाशदीप से जब पूछा गया कि क्या उन्हें सिर्फ लंबे प्रारूप के लिए चुना गया है, तो उन्होंने कहा, “हमें चयनकर्ताओं से यह पूछने का अधिकार नहीं है। जब उन्हें किसी भी प्रारूप में मेरी जरूरत होगी, वे बुला लेंगे। मेरा काम अच्छा प्रदर्शन करना और तैयार रहना है।”