शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Shubman Gill: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल के लिए पिछले कुछ महीने बेहद शानदार रहे हैं। आईपीएल 2025 में बतौर कप्तान खुद को साबित करने के साथ उन्होंने बल्ले से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्हें भारतीय टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में गिल ने न सिर्फ शानदार कप्तानी की बल्कि बल्ले से भी जमकर रन बनाए। अब उनके इस प्रदर्शन का बड़ा इनाम उन्हें आईसीसी से मिला है, जिससे उन्होंने इतिहास रच दिया है।
जुलाई में धमाकेदार प्रदर्शन
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने जुलाई महीने में खेले गए 3 टेस्ट मैचों में 94.50 की शानदार औसत से 567 रन बनाए। इस दौरान बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में उन्होंने दोहरा शतक जड़कर सबको प्रभावित किया। उनके इसी प्रदर्शन के चलते आईसीसी ने उन्हें जुलाई 2025 का ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना। गिल ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर को पछाड़ते हुए यह सम्मान जीता।
पहले पुरुष क्रिकेटर बने
शुभमन गिल ने इस अवॉर्ड के साथ एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली है। वह आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार चार बार जीतने वाले पहले पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। खास बात यह है कि बतौर कप्तान यह उनकी पहली टेस्ट सीरीज थी और उसी में उन्होंने बल्ले और कप्तानी दोनों से प्रभावित किया।
गिल ने जताई खुशी
इस सम्मान के बाद गिल ने कहा, “जुलाई के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुने जाने पर बहुत अच्छा लग रहा है। यह पुरस्कार मेरे लिए खास है क्योंकि यह मेरी पहली टेस्ट सीरीज की कप्तानी में मिला है। बर्मिंघम में लगाया गया दोहरा शतक मेरे इंग्लैंड दौरे का मुख्य आकर्षण रहा और इसे मैं हमेशा याद रखूंगा।”
सीरीज को बताया यादगार अनुभव
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के अनुभव पर गिल ने कहा, “इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज मेरे लिए सीखने का बेहतरीन मौका थी। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसे सभी खिलाड़ी लंबे समय तक याद रखेंगे। मैं इस अवॉर्ड के लिए जूरी और अपने साथियों का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस रोमांचक सीरीज में मेरा साथ दिया।”
गिल ने अंत में कहा कि वह आने वाले सीजन में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं और देश के लिए और अधिक सम्मान लाना उनका लक्ष्य है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं।