टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
ICC WTC Points Table 2025-2027: भारतीय क्रिकेट टीम ने एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 336 रनों के बड़े अंतर से हराकर इतिहास रच डिया है। टीम इंडिया ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में अपनी पहली जीत दर्ज की। यह जीत रनों के लिहाज से विदेशी धरती पर भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई है।
गिल की शानदार पारी, गेंदबाजों का जादू
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 587 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुभमन गिल ने 269 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद आकाश दीप और मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। सिराज ने पहली पारी में 6 और आकाश दीप ने 4 विकेट लिए, जिससे इंग्लैंड की टीम 407 रनों पर सिमट गई।
दूसरी पारी में फिर दिखा दम
भारत ने दूसरी पारी 527 रनों पर घोषित की और इंग्लैंड को 608 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। चौथे दिन के खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 3 विकेट गंवा दिए थे। पांचवें दिन बारिश के कारण खेल देरी से शुरू हुआ, लेकिन इसके बाद आकाश दीप ने एक बार फिर गजब का प्रदर्शन किया। उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर मैच में कुल 10 विकेट पूरे किए। इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 271 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 336 रनों से जीत लिया।
WTC प्वाइंट्स टेबल में भारत की बड़ी छलांग
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की ताजा अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले नंबर पर है। उसने अब तक खेले दोनों मैचों में जीत हासिल की है और 24 अंक हासिल किए हैं। श्रीलंका दूसरे स्थान पर है, जिसने 1 मैच जीता और 1 ड्रॉ खेला, उसके खाते में 16 अंक हैं।
तीसरे नंबर पर पहुंचा भारत
भारत ने इस जीत के साथ तीसरे स्थान पर अपनी जगह बना ली है। भारत ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें एक जीता और एक हारा है। भारत और इंग्लैंड दोनों के 12-12 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर भारत तीसरे और इंग्लैंड चौथे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: एजबेस्टन में भारत ने लिखी जीत की नई कहानी, ये चार खिलाड़ी बने असली नायक
बाकी टीमों की स्थिति
बांग्लादेश फिलहाल पांचवें नंबर पर है। उसने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें एक हारा और एक ड्रॉ खेला, उसके 4 अंक हैं। वहीं, वेस्टइंडीज दोनों टेस्ट हारने के बाद अंक तालिका में सबसे नीचे छठे स्थान पर है।