भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ऐतिहासिक यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार हैं. नासा के AXIOM-4 मिशन के तहत शुभांशु पहली बार किसी कमर्शियल अमेरिकी मिशन में मिशन पायलट के रूप में शामिल होंगे. 25 जून 2025 को भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे, स्पेसएक्स का फाल्कन 9 रॉकेट और एक नया ड्रैगन कैप्सूल उन्हें और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष की ओर ले जाएगा. 26 जून को शाम 4:30 बजे इस यान की ISS से डॉकिंग का प्लान है.
भारत के लिए क्यों ऐतिहासिक
शुभांशु शुक्ला इस मिशन में अंतरिक्ष में खाद्य और पोषण से संबंधित वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे. ये प्रयोग भविष्य में अंतरिक्ष में दीर्घकालीन मानव मिशनों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं. इस मिशन का नेतृत्व पूर्व NASA अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन कर रही हैं. भारत के लिए यह एक अद्भुत और ऐतिहासिक क्षण इसलिए होगा क्योंकि शुभांशु शुक्ला 1984 में राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में पहुंचने वाले भारतीय वायुसेना अधिकारी होंगे. अंतरिक्ष में जाने से पहले शुभांशु और उनकी टीम को कैनेडी स्पेस सेंटर में क्वॉरन्टीन में रखा गया है. यह मिशन Axiom Space नामक कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो अब तक के सबसे अधिक प्राइवेट अंतरिक्ष मिशनों का संचालन कर चुकी है.
कैप्टन शुभांशु के साथ कौन कौन जाएगा अंतरिक्ष
4 मिशन का नेतृत्व कमांडर पैगी व्हिटसन कर रही हैं, जिसमें शुक्ला मिशन पायलट हैं और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री टिबोर कपू और पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की मिशन विशेषज्ञ हैं. पहले इस मिशन के तहत प्रक्षेपण मूलतः 29 मई को होना था लेकिन फाल्कन-9 रॉकेट के बूस्टर में तरल ऑक्सीजन के रिसाव और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के पुराने रूसी मॉड्यूल में भी रिसाव होने का पता चलने के बाद पहले इसे आठ जून, फिर 10 जून और फिर 11 जून के लिए टाल दिया गया. प्रक्षेपण की योजना फिर 19 जून के लिए टाल दी गई और फिर नासा द्वारा रूसी मॉड्यूल में मरम्मत कार्यों के बाद कक्षीय प्रयोगशाला के संचालन का आकलन करने के लिए प्रक्षेपण की तिथि 22 जून तय की गई.
Axiom-4 का डॉकिंग टाइम
यह मिशन फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र के ‘लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए’ से लॉन्च होगा. नासा ने कहा कि ‘डॉकिंग’ समय बृहस्पतिवार 26 जून को लगभग सुबह सात बजे (भारतीय समयानुसार शाम साढ़े चार बजे) होगा।