BCCI
BCCI Announced 2025-26 Domestic Schedule: बीसीसीआई ने घरेलू क्रिकेट के शेड्यूल की घोषणा कर दी है। घरेलू सीजन की शुरुआथ दलीप ट्रॉफी से होगी। 28 अगस्त 2025 से सीजन की शुरुआत होगी। वहीं सीजन का समापन महिला इंटर जोनल मल्टी डे ट्रॉफी के साथ 3 अप्रैल 2026 को होगा।
बीसीसीआई ने एपेक्स काउंसिल की मीटिंग में शेड्यूल जारी किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि दलीप ट्रॉफी और सीनियर महिला चैलेंजर टूर्नामेंट अब क्षेत्रीय चयनकर्ताओं द्वारा चुनी गई छह क्षेत्रीय टीमों के बीच खेले जाएंगे। वहीं इस बार से रणजी ट्रॉफी में प्लेट ग्रुप को अलग ढंग से करवाया जाएगा। रणजी ट्रॉफी की शुरुआत 15 अक्टूबर से होगी। जबकि इसका समापन फरवरी में होगा।
रणजी ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप में नई व्यवस्था
रणजी ट्रॉफी में अब प्लेट ग्रुप को पूरी तरह से नए ढंग से तैयार किया गया है। पिछले सीज़न की रैंकिंग के आधार पर सबसे नीचे की छह टीमों को प्लेट ग्रुप में रखा जाएगा। साथ ही, अब से सिर्फ एक ही टीम का एलिट और प्लेट ग्रुप के बीच प्रमोशन या रेलिगेशन होगा, जिससे टीमों को प्रदर्शन सुधारने का बेहतर अवसर मिलेगा।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में सुपर लीग स्टेज
टी20 फॉर्मेट के प्रमुख टूर्नामेंट्स सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (पुरुष) और सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में अब नॉकआउट चरण की जगह सुपर लीग स्टेज को शामिल किया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य ज्यादा प्रतिस्पर्धी मैचों के जरिए खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना है।

विजय हजारे ट्रॉफी और अन्य वनडे टूर्नामेंट्स का नया ग्रुप मॉडल
विजय हजारे ट्रॉफी (पुरुष), सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी और पुरुषों की अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी अब चार एलीट ग्रुप और एक प्लेट ग्रुप के ढांचे में खेली जाएंगी। इस मॉडल से अधिक टीमों को समान स्तर पर मुकाबला करने का मौका मिलेगा।

वहीं लड़कियों को इस बार ज्यादा मैच मिलेंगे। अंडर-15 से ही मल्टी डे और वनडे मुकाबले मिलने लगे हैं। बीसीसीआई महिला खिलाड़ियों को लेकर अब विशेष ध्यान दे रही है।